कौशाम्बी: बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के कोई भी विद्यालय वाहन संचालित न होने पाए-डीएम,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने शुक्रवार को एन.आई.सी. सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक की।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जनपद में 130 विद्यालयों में कुल 481 वाहन संचालित हैं, जिनमें 16 वाहन बिना फिटनेस के पाए गए हैं। संबंधित वाहन स्वामियों को नोटिस निर्गत किए गए हैं।
डीएम ने सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के कोई भी विद्यालय वाहन सड़क पर संचालित न होने पाए। बिना फिटनेस के वाहन संचालित पाए जाने पर शासन की गाइडलाइन के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों से संवाद कर,उन्हें परिवहन विभाग से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाए तथा टोल फ्री नंबर 18001800151 एवं 149 के प्रति जागरूक किया जाए। इसके साथ ही टोल फ्री नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाए।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान डीएम ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग से रामवन गमन मार्ग एवं प्रयागराज एयरपोर्ट-कौशाम्बी मार्ग सहित अन्य मार्गों पर चिन्हित स्थानों पर सड़क सुरक्षा के संबंध में अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कराई जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने सहायक अभियंता, रामवन गमन मार्ग को रामवन गमन मार्ग के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम (वि./रा.) शालिनी प्रभाकर, एएसपी अमिता सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग हरवंश सिंह एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी तारकेश्वर मल्ल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








