कौशाम्बी पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से लोगो के गुम हुए 22 लाख रुपये कीमत के 103 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए

कौशाम्बी: कौशाम्बी पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से लोगो के गुम हुए 22 लाख रुपये कीमत के 103 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए,

यूपी के कौशाम्बी जिले की पुलिस ने लोगो के मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग कंपनियों के 103 मोबाइल फोन और टेबलेट बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई जा रही है। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेस वार्ता कर बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिया।

एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से मोबाइल फोन की तलाश की। इसके बाद विभिन्न स्थानों से 103 मोबाइल बरामद किए गए। बरामदगी के लिए कंप्यूटर ऑपरेटरों और सीसीटीएनएस पुलिस टीम की मदद ली गई।एसपी ने बताया कि सराय अकिल,कोखराज और सैनी पुलिस ने सबसे ज्यादा मोबाइल बरामद किए है।

पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार सराय अकिल थाना पुलिस ने 15,कोखराज थाना पुलिस ने 13 और सैनी थाना पुलिस ने 12 मोबाइल बरामद किया है, वही पश्चिम शरीरा पुलिस ने 10, महेवाघाट ने 04 व चरवा पुलिस ने 08 मोबाइल बरामद किए।इसके अलावा संदीपनघाट ने 08, कड़ा धाम ने 06, मंझनपुर ने 08, मोहब्बतपुर पइंसा ने 04, कौशांबी थाना पुलिस ने 04 और पिपरी पुलिस ने 05 मोबाइल बरामद किया है।

एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि CEIR पोर्टल एक केंद्रीय पोर्टल है, जिसके माध्यम से चोरी, खोए अथवा छीने गए मोबाइल फोन को ट्रैक किया जा सकता है। मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में पीड़ित इसकी सूचना ceir.gov.in पर ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। इसके अलावा थाने में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को भी CEIR पोर्टल पर दर्ज कर मोबाइल को ट्रैक किया जाता है।

पुलिस के तकनीकी प्रयासों से बरामद मोबाइल की पहचान उनके स्वामियों के रूप में कराई गई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोबाइल फोन उन्हें सौंप दिए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल खोने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।

एसपी ने मोबाइल बरामद करने वाले पुलिस टीम में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor