कौशाम्बी: श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा को समर्पित ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ अमित पाल के निर्देशानुसार गुरुवार को मेसर्स सरस्वती मोटर्स एजेंसी, सिराथू रोड, मंझनपुर में श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं कल्याणार्थ ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया गया।
शिविर में कुल 45 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 36 पुरुष एवं 09 महिला श्रमिक शामिल रहे। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 05 श्रमिकों की त्वचा संबंधी जांच, 20 की नेत्र जांच,10 की एनीमिया जांच तथा 10 श्रमिकों की शुगर जांच की गई। इसके साथ ही खांसी, जुकाम एवं बुखार संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान उपस्थित श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही 10 श्रमिकों का पंजीकरण एवं 07 श्रमिकों का नवीनीकरण कराया गया।यह शिविर श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ उन्हें श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम तथा श्रम विभाग की ओर से श्रम प्रवर्तन अधिकारी नेहा यादव सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।








