कौशाम्बी: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना,बोले:2022 में 403 सीटों पर नजर थी,111 पर जाकर रुक गए,राज्यसभा में नहीं खड़ा किया एक प्रत्याशी,
यूपी के कौशाम्बी पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने तीसरा प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा, इसलिए भाजपा ने भी नौवां प्रत्याशी नहीं उतारा। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए भाजपा ने आठ उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि सपा ने दो प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा के आठ प्रत्याशियों में पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने भाजपा को अगड़ी, पिछड़ी और अनुसूचित जाति की ‘त्रिवेणी’ बताया। उपलब्ध प्रत्याशी सूची के अनुसार भाजपा के आठ उम्मीदवारों में तीन ओबीसी, दो अनुसूचित जाति और तीन सामान्य वर्ग से हैं।
अखिलेश यादव के ‘हमारी निगाह तीन पर नहीं, 403 पर है’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा कि वर्ष 2022 में भी अखिलेश यादव की नजर 403 विधानसभा सीटों पर थी, लेकिन सपा 111 सीटों पर जाकर रुक गई थी। उन्होंने दावा किया कि इस बार विधानसभा में सपा का अर्धशतक लगाना भी बड़ी बात होगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए की सरकार बनने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2047 तक न समाजवादी पार्टी आने वाली है और न भाजपा जाने वाली है।
राहुल गांधी के चुनाव आयोग घेराव पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी के चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सबसे ज्यादा बेचैन है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, टीएमसी और आरजेडी चुनाव मैदान में भाजपा का मुकाबला नहीं कर पाते, इसलिए चुनाव आयोग को मुद्दा बनाया जा रहा है।
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को बहाना बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता बर्दाश्त नहीं हो रही है।








