कौशाम्बी: भवन्स मेहता विद्याश्रम भरवारी में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन- छात्रों की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन,
यूपी के कौशाम्बी जिले के भवन्स मेहता विद्याश्रम भरवारी में शनिवार को भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के सभी छात्रों ने अपनी कला एवं ज्ञान का प्रदर्शन मॉडल एवं प्रोजेक्ट बनाकर किया।
विजयन प्रदर्शनी का शुभारंभ चायल सीओ अभिषेक सिंह ने किया, विज्ञान प्रदर्शनी के शुभारंभ के पश्चात उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विज्ञान तथा अन्य विषयों से संबंधित वर्किंग एवं नॉन-वर्किंग मॉडलों का बारीकी से अवलोकन किया और लगभग सभी स्टॉलों पर जाकर छात्रों से उनके प्रोजेक्ट्स के विषय में जानकारी प्राप्त की।
इस विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यालय के लगभग सभी छात्रों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और विज्ञान सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आकर्षक, उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। छात्रों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली को आत्मविश्वास के साथ समझाया, जिससे मुख्य अतिथि अत्यंत प्रभावित हुए। छात्रों की वैज्ञानिक समझ, रचनात्मकता एवं विषय-ज्ञान से संतुष्ट होकर सीओ चायल अभिषेक सिंह ने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि छात्रों द्वारा हर एक प्रश्न का सही उत्तर देना विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धि तथा शिक्षकों का सामूहिक प्रयास छात्रों में दिख रहा है जो काबिले तारीफ है।
मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य बलैय्या गंगाराबोयिना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। उप-प्रधानाचार्य सुधाकर सिंह ने स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया, वहीं विद्यालय समन्वयक नसीम अंसारी ने अंगवस्त्र भेंटकर अतिथि का अभिनंदन किया। इस अवसर पर छात्रों के अभिभावक, माता-पिता तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और बच्चों के प्रयासों की सराहना की।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य बलैय्या गंगाराबोयिना ने प्रदर्शनी को सफल बनाने वाले सभी छात्रों की मेहनत, लगन एवं सृजनात्मकता की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारी और मार्गदर्शन में जुटे समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रयासों को भी सराहा तथा छात्रों के उत्साह को बढ़ाने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु विद्यालय में शत-प्रतिशत अभिभावकों की उपस्थिति के लिए माता-पिता का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रधानाचार्य ने यह भी घोषणा किया कि प्रदर्शनी में भाग लेने वाले छात्रों को उनकी रैंक के अनुसार पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए और अधिक प्रेरणा मिलेगी।
विद्यालय के निदेशक संदीप सक्सेना तथा कोषाध्यक्ष डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने अपने संदेश में छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी छात्रों में नवाचार, जिज्ञासा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से निरंतर सीखते रहने तथा अपने ज्ञान का समाज के हित में उपयोग करने का आह्वान किया।समग्र रूप से यह विज्ञान प्रदर्शनी छात्रों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं संस्कारों का सशक्त उदाहरण बनकर उभरी है।








