कौशाम्बी: गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज को मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने दिया जीवनदान,
कहा जाता है कि डॉक्टर भगवान का रूप होते हैं और इस कहावत को यूपी के कौशाम्बी जिले के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों ने एक बार फिर चरितार्थ कर दिखाया है।
मेडिकल कॉलेज में 08 जून 2026 को 38 वर्षीय राजेन्द्र कुमार, पुत्र स्वर्गीय छेद्दू, निवासी ग्राम हिशामपुर परसखी तहसील मंझनपुर को अत्यंत गंभीर अवस्था में उपचार हेतु लाया गया था। वह लंबे समय से क्रोनिक लिवर डिजीज, पोर्टल हाइपरटेंशन, हेपेटोरेनल सिंड्रोम एवं हेपेटिक एन्सेफैलोपैथी जैसी जटिल बीमारियों से पीड़ित था तथा कई दिनों से निजी चिकित्सालय में उपचार करा रहा था, लेकिन अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका। अस्पताल पहुंचने पर मरीज की स्थिति अत्यंत नाजुक थी। वह अचेत अवस्था में था, काले रंग की रक्तयुक्त उल्टियां हो रही थीं, पेट में अत्यधिक सूजन थी तथा सांस लेने में भी गंभीर कठिनाई हो रही थी।
डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल आईसीयू में भर्ती कर गहन चिकित्सा शुरू की गई।मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. ओ.पी. चैधरी एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा निरंतर निगरानी और समर्पित उपचार किया गया। डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के अथक प्रयासों का परिणाम रहा कि मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार देखने को मिला। आवश्यक चिकित्सीय जांचों की रिपोर्ट भी पहले की तुलना में काफी सामान्य पाई गई हैं और मरीज स्वस्थ होने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
मरीज के परिजनों ने डाक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और समय पर दिए गए उपचार ने मरीज को नया जीवन प्रदान किया है। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय, कौशाम्बी की यह सफलता जनपदवासियों के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं समर्पित स्वास्थ्य सेवाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है।








