कौशाम्बी: डीएम ने ग्राम जजौली में खेल मैदान, बाजार हाट, आर.आर.सी. एवं अमृत सरोवर का किया निरीक्षण,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को ग्राम जजौली में मनरेगा के अंतर्गत निर्मित खेल का मैदान, बाजार हाट, आर.आर.सी. (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) एवं अमृत सरोवर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने खेल का मैदान बंद पाए जाने तथा वहां साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए पर नाराजगी प्रकट करते हुए खण्ड विकास अधिकारी को खेल मैदान की साफ-सफाई कराकर उसे नियमित रूप से संचालित एवं जनसामान्य के उपयोग के लिए क्रियाशील कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार हाट का निरीक्षण किया, जहां बाजार हाट का संचालन न होने पर नाराजगी प्रकट करते हुए इसे शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने आर.आर.सी. (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) के निरीक्षण के दौरान केन्द्र का संचालन न पाए जाने पर खण्ड विकास अधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर आर.आर.सी. सेंटर को तत्काल क्रियाशील कराने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने अमृत सरोवर के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए साफ-सफाई करवाने एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि शासन द्वारा जनहित में निर्मित सभी परिसंपत्तियों का उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परिसंपत्तियों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखते हुए उनके नियमित रखरखाव एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीणों को इनका अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।








