कौशाम्बी: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण,
यूपी के कौशाम्बी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रिया सिंह ने शनिवार को वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, आवास, दैनिक देखभाल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
वृद्धाश्रम के प्रबंधक आलोक राय ने आश्रम में संचालित विभिन्न सेवाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक, सुरक्षित एवं पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाता है। भोजन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया।
सचिव प्रिया सिंह ने आश्रम की स्वच्छता, भोजन व्यवस्था एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रति किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनकी सेवा, सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने प्रबन्धक को निर्देशित किया कि वृद्धजनों की आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ ध्यान रखते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।








