विश्व स्तनपान सप्ताह के सफल आयोजन हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से एवं सीएमओ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक सम्पन्न

कौशाम्बी: विश्व स्तनपान सप्ताह के सफल आयोजन हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से एवं सीएमओ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक सम्पन्न,

यूपी के कौशाम्बी जिले में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कौशाम्बी के समन्वय से सीएमओ डा संजय कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के संरक्षण, स्तनपान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा स्वास्थ्य विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्य समन्वित प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाए जाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जनपद कौशाम्बी में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (पीएचसी) पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर्स के माध्यम से विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा उनके परिजनों को जन्म के प्रथम घंटे के भीतर स्तनपान प्रारम्भ कराने, जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा दो वर्ष अथवा उससे अधिक आयु तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के महत्व एवं लाभों की जानकारी दी जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संयुक्त रूप से जनपद के स्वास्थ्य संस्थानों पर विधिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित सरकारी योजनाओं एवं अधिकारों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाई जा सके।

इस दौरान सीएमओ ने कहा कि स्तनपान शिशु के स्वस्थ विकास, कुपोषण की रोकथाम तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का सबसे प्रभावी एवं प्राकृतिक माध्यम है। इस जन जागरूकता अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुँचाने में पैरालीगल वालंटियर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा विभागों के समन्वित प्रयासों से अभियान को सफल बनाया जाएगा।

बैठक का समापन विश्व स्तनपान सप्ताह के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के संवर्धन हेतु सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor