कौशाम्बी: बालू के डंप पर काम करने वाले युवक की डंफर से कुचलकर हुई मौत,प्यास जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में बालू डंप पर काम करने वाले एक कर्मचारी की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा शनिवार की देर रात पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के घसिया का पूरा स्थित बालू डंप पर हुआ। डंपर को पीछे कराते समय कर्मचारी वाहन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के बक्सी का पूरा गांव निवासी 41 वर्षीय योगनाथ सरोज के रूप में हुई है। वह बालू डंप पर लोड होने वाले वाहनों को रवन्ना देने का काम करते थे। शनिवार रात वह एक डंपर का रवन्ना लेकर पहुंचे थे। रवन्ना देने के बाद वह चालक को डंपर पीछे कराने का इशारा कर रहे थे। इसी दौरान वाहन की टक्कर लगने से वह नीचे गिर पड़े और डंपर की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
योगनाथ सरोज की शादी करीब 22 वर्ष पहले बक्सी पार गांव निवासी पूजा से हुई थी। बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया था। दो बहनों की शादी हो चुकी है और वह अपनी वृद्ध मां सूरजकली के इकलौते बेटे थे।परिवार में पत्नी पूजा, चार बेटियां और एक बेटा हैं। बालू डंप पर नौकरी से होने वाली आय ही पूरे परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थी। हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी बैकुण्ठ नाथ पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।








