कौशाम्बी में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से कई गांव प्रभावित,सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न,राजस्व टीम ने किया नुकसान का आकलन

कौशाम्बी: कौशाम्बी में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से कई गांव प्रभावित,सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न,राजस्व टीम ने किया नुकसान का आकलन,

यूपी के कौशाम्बी जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से सिराथू तहसील क्षेत्र के तरसौरा गांव के कछार में किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। खेतों में बाढ़ का पानी भरने से धान, शकरकंद, लौकी, परवल समेत कई फसलों पर बर्बादी का खतरा मंडरा रहा है। किसानों की परेशानी को लेकर प्रकाशित खबर के बाद तहसील प्रशासन सक्रिय हुआ और शनिवार को राजस्व टीम ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर फसल क्षति का स्थलीय निरीक्षण किया।

कानूनगो भानु सिंह और लेखपाल प्रतुल मिश्रा ने तरसौरा गांव की कछार का भ्रमण कर खेतों में भरे बाढ़ के पानी और जलमग्न फसलों की स्थिति देखी। राजस्व टीम ने प्रभावित किसानों से संपर्क कर क्षतिग्रस्त फसलों और खेतों का विवरण दर्ज किया। किसानों से खतौनी समेत आवश्यक अभिलेख लेकर प्रभावित किसानों के नाम भी सूचीबद्ध किए गए, ताकि फसल क्षति का नियमानुसार आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा सके।

गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से कछारी इलाके में पानी का दायरा बढ़ता जा रहा है। कई दिनों से खेतों में पानी भरा होने के कारण खड़ी फसलों के सड़ने और खराब होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी नहीं निकला तो उनकी पूरी फसल बर्बाद हो सकती है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

एसडीएम सिराथू पद्मेश श्रीवास्तव ने बताया कि गंगा में आई बाढ़ के चलते कछार क्षेत्र में जलमग्न फसलों की क्षति का राजस्व टीम से आकलन कराया गया है। प्रभावित किसानों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। शासन के नियमानुसार जांच में जो किसान फसल क्षति के लिए पात्र पाए जाएंगे, उन्हें अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor