कौशाम्बी में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन

कौशाम्बी: कौशाम्बी में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन,विभिन्न मांगो को लेकर सौंपा ज्ञापन,

यूपी के कौशाम्बी जिले में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने बुधवार को मंडल प्रभारी आकिब जफर व जिलाध्यक्ष तनवीरुल हसन के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचकर सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा बढ़ाने समेत चार प्रमुख मांगें उठाईं।

ज्ञापन में गोंडा एवं बाराबंकी की घटनाओं के साथ अयोध्या में राम लगन मौर्य की हत्या के मामलों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई।पार्टी ने घटनाओं से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा को देखते हुए उनके तत्कालीन सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा कर सुरक्षा बढ़ाई जाए।उनके दौरों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और उनके विरुद्ध जारी कथित धमकीपूर्ण संदेशों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में लखनऊ के ईको गार्डन में मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने और उनकी जायज मांगों पर सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की गई।

आजाद समाज पार्टी ने 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण में पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा दिए गए आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को नियमानुसार न्याय दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मस्जिद समेत अन्य इस्लामिक धार्मिक स्थलों के संबंध में की जा रही कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की गई।पार्टी ने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में कार्रवाई कानून और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हो तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव की संभावना को समाप्त किया जाए।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष उदित राज (एड),जिला प्रभारी राजख़ेमा,संगठन मंत्री अरविंद कुमार मौर्य,संगठन मंत्री  सचिन पाल,विधानसभा सिराथू अध्यक्ष पंकज मौर्य,मंझनपुर विधानसभा अध्यक्ष अमित कुमार,चायल विधानसभा अध्यक्ष श्रीचंद्र कुमार,सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor