बच्चों के भविष्य पर मंथन, विद्यालय की बेहतरी का बना खाका,एसएमसी की बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता से लेकर स्वच्छता, सुरक्षा और नियमित उपस्थिति तक पर हुई चर्चा

कौशाम्बी: बच्चों के भविष्य पर मंथन, विद्यालय की बेहतरी का बना खाका,एसएमसी की बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता से लेकर स्वच्छता, सुरक्षा और नियमित उपस्थिति तक पर हुई चर्चा,

यूपी के कौशाम्बी जिले के कड़ा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में बुधवार को विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) की बैठक आयोजित की गई। शिक्षिका माया सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक में बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय को सुविधायुक्त बनाने के लिए विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंह समेत समिति के समस्त सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा कर उनके अनुपालन की स्थिति पर चर्चा की गई। इसके बाद बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि विद्यालय से बच्चों का जुड़ाव बनाए रखने के लिए अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। अनियमित उपस्थिति वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

शैक्षिक गुणवत्ता के मुद्दे पर बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार, बुनियादी दक्षताओं के विकास, नियमित मूल्यांकन और कमजोर शैक्षिक स्तर वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई। शिक्षण प्रक्रिया को रुचिकर और प्रभावी बनाने के साथ प्रत्येक बच्चे की शैक्षिक प्रगति पर नजर रखने की बात कही गई। सदस्यों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालयों की स्वच्छता और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों को जागरूक करने का मुद्दा भी उठाया गया। विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और आवश्यक सुविधाओं के विकास को लेकर सदस्यों ने अपने सुझाव रखे।

समिति के सदस्यों ने विद्यालय के विकास को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया।

बैठक में शिक्षिका माया सिंह, शिक्षामित्र बीरेंद्र कुमार, संध्या देवी पटेल, अध्यक्ष महेंद्र सिंह समेत विद्यालय प्रबंध समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।

इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव ने बताया कि विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक का उद्देश्य विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के साथ बच्चों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करना है। एसएमसी के सदस्य विद्यालय विकास, बच्चों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता और सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं। अभिभावकों की सहभागिता से ही बच्चों का ठहराव बढ़ेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार संभव होगा।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor