कौशाम्बी: नंदी वाणी पब्लिक स्कूल में दीप निर्माण एवं रंगोली प्रतियोगिता में बिखरे रचनात्मकता के रंग,
यूपी के कौशाम्बी जिले में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में नंदी वाणी पब्लिक स्कूल भरवारी में दीप निर्माण एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक अभिरुचि और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। दीप निर्माण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने मिट्टी के दीपकों को आकर्षक रंगों, सुंदर डिजाइनों और सजावटी सामग्री से सजाकर मनमोहक कलाकृतियां बनाईं। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में रंग-बिरंगे रंगों, फूलों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाई गईं। रंगों का सुंदर संयोजन और बच्चों की रचनात्मक सोच देखते ही बन रही थी।पूरे विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और दीपावली के उत्सवी रंगों की झलक देखने को मिली।
क्लास 4 से क्लास 11 तक के सभी बच्चों ने ग्रुप में हाउस वाइज रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
रेड हाउस – क्लास 4, क्लास 5 और क्लास 8 में प्रथम स्थान,ब्लू हाउस -क्लास 6 और क्लास 11 में प्रथम स्थान,ग्रीन हाउस – क्लास 7 में प्रथम स्थान,येलो हाउस – क्लास 9 में प्रथम स्थान।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ललित चौरसिया ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, टीम भावना एवं कलात्मक कौशल का विकास करती हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच देना भी है।
विद्यालय की प्रबंधक ज्योति केसरवानी ने कहा कि भारतीय त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। हमें इन पर्वों को पारंपरिक मूल्यों के साथ मनाते हुए अपनी कला एवं संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की गई और सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साह, मेहनत और रचनात्मक योगदान के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं दीपावली की शुभकामनाओं के साथ हुआ।








