कौशाम्बी: संविधान दिवस के अवसर पर 30 चयनित स्थलों पर डॉ. बी.आर. अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना के कार्यों का हुआ शिलान्यास,
यूपी के कौशाम्बी जिले में संविधान दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित डॉ. बी.आर. अम्बेडकर मूर्ति विकास योजनान्तर्गत जनपद की तीनों विधान सभा क्षेत्रों में चयनित 30 स्थलों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लोकभवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया तथा उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना। इसके साथ ही चयनित स्थलों पर मूर्ति विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
विधानसभा सिराथू के ग्राम उदहिन बुजुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश मौर्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसी प्रकार विधानसभा मंझनपुर के ग्राम एदिलपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सिराथू जीतेन्द्र सोनकर उपस्थित रहे। विधानसभा चायल के ग्राम बूंदा में आयोजित कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष भाजपा नितिन पासी एवं जिला उपाध्यक्ष भोले शंकर कुशवाहा उपस्थित रहे।
संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से डॉ. बी.आर. अम्बेडकर के विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा चयनित स्थलों पर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया गया।








