कौशाम्बी: दावत से वापस लौट रहे परिवार की कार डिवाइडर से टकराकर हाइवे पर पलटी,बच्चो समेत दर्जनभर घायल,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सैनी कोतवाली क्षेत्र के अझुवा कस्बे में रविवार देर रात तेज रफ्तार एक लग्जरी कार रांग साइड से आते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे में कार सवार दर्जनभर लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही अझुवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव निवासी मानसिंह मौर्य पुत्र घनश्याम अपनी कार संख्या UP83 AC 7365 से अजय कुमार पुत्र देवराज निवासी रसूलपुर गिरसा, अंसधारी पुत्र गंगाराम, अभिषेक पुत्र मेदीलाल निवासी भैला मकदूमपुर थाना करारी समेत कुल 12 लोगों को लेकर कनवार (थाना सैनी) से दावत खाकर भैला मकदूमपुर लौट रहे थे। कार में चार पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे सवार थे।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात जैसे ही कार अझुवा कस्बे में समाप्त हो रहे डिवाइडर के पास पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। रांग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलने पर अझुवा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
दुर्घटना में कार सवार सभी दर्जनभर लोगों के अलावा अंकित नामक एक युवक को भी मामूली चोटें आईं। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार की रफ्तार और अधिक होती या सामने से कोई भारी वाहन आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता से सभी घायलों को शीघ्र उपचार मिल गया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।








