कौशाम्बी: ससुर खदेरी नदी पार करते समय बाइक सवार युवक बाढ़ के पानी में गिरकर डूबा,ग्रामीणों ने बचाई जान,
यूपी के कौशाम्बी जिले में चरवा थाना क्षेत्र के बरियावा गांव के पास ससुर खदेरी नदी पार करते समय बुधवार की दोपहर बाइक सवार युवक अचानक पैर फिसलने से नदी में गिर गया। बाढ़ के तेज पानी में गिरते ही युवक डूबने लगा। युवक को नदी में डूबता देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।और पुलिस को सूचना दी।
बताया जाता है कि सेवथा गांव निवासी विपिन पुत्र मुकेश यादव अपने रिश्तेदारी के गांव बरोलहा में अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान वह बाइक से बरियावा के पास ससुर खदेरी नदी पार कर रहा था। नदी में बाढ़ का पानी होने के कारण अचानक उसका पैर फिसल गया और वह बाइक समेत पानी में जा गिरा। देखते ही देखते युवक गहरे पानी में डूबने लगा।युवक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए नदी में कूदकर उसे बाहर निकाला। हादसे में युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों ने तत्काल उसे तिल्हापुर मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ के दौरान नदी पार करने वाले रास्ते पर सुरक्षा के इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि इस तरह के हादसों पर रोक लग सके।








