कौशाम्बी: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को जनपद में होंगे विभिन्न कार्यक्रम,12 प्रमुख स्थलों सहित विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, नदी घाटों,मंदिरों, पार्कों में होगा दीप प्रज्ज्वलन,
यूपी के कौशाम्बी जनपद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जन कल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 17 सितंबर, 2026 को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों द्वारा अपने-अपने घरों में सायं 07 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ के तहत दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा।
इसके साथ ही जनपद के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों एवं महाविद्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जनपद के विशिष्ट स्थलों पर विशेष रूप से दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा, जिसमें शिव मंदिर मूरतगंज, कुबरी घाट, कड़ा धाम, राम वनगमन मार्ग, मेडिकल कॉलेज मंझनपुर, मॉडल पार्क मंझनपुर, बौखरनाथ मंदिर सरसवा, वृद्धा आश्रम ओसा, राजकीय महिला महाविद्यालय सिराथू, पल्हना घाट, आश्रम पद्धति विद्यालय कोईलहा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मूरतगंज एवं एक्सीलेंस सेंटर कोखराज शामिल हैं।
इसी क्रम में 17 सितंबर, 2026 को जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराय अकिल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू में मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। इस स्वास्थ्य संस्थानों में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोगों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की गई है।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 17 सितंबर, 2026 को विधानसभावार टूलकिट का वितरण किया जाएगा। इसके लिए उदयन सभागार, विकासखंड सभागार चायल एवं विकासखंड सभागार सिराथू में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनपदवासियों को जनकल्याण, सेवा, सहभागिता और विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।








