कौशाम्बी: नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते पुल के बगल में भरे हुए पानी में डूबकर मासूम की मौत,परिजनों में मचा कोहराम,
यूपी में कौशाम्बी जिले में नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते पानी भरे गड्ढे में गिरकर एक मासूम बच्चे की मौत हो गई।बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वही मोहल्ले के लोगो में दहशत का माहौल है।
मामला नगर पालिका मंझनपुर के हजरतगंज का है जहा शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के बाहर खेल रहे 3 वर्षीय मासूम रौनक पुत्र राजकुमार की घर के पास ही बने पुल के नीचे भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि मोहल्ले में मातम का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मासूम रौनक शाम के समय घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर के पास बने पुल के नीचे पहुंच गया, जहां बरसात और जलभराव के कारण काफी पानी जमा था। मासूम को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं हुआ और वह अचानक उसमें चला गया। कुछ देर तक बच्चा दिखाई नहीं देने पर परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों और आसपास के ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पुल के बगल में भरे पानी में रौनक दिखाई पड़ा। आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मासूम बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता समेत अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पूरे मोहल्ले में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।








