कौशाम्बी: पहाड़पुर सुधवर विद्यालय प्रकरण में शिक्षकों का निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कल करेगा बीएसए से मुलाकात,
यूपी के कौशाम्बी जिले के चायल विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सुधवर के एक स्कूली छात्र की मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई मृत्यु के बाद विद्यालय के समस्त स्टाफ के निलंबन के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए शिक्षकों पर की गई कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए तत्काल निलंबन समाप्त करने की मांग की है।
महासंघ के जिला संयोजक ओम दत्त त्रिपाठी ने गुरुवार को बताया कि 29 जुलाई को ग्रामीणों द्वारा विद्यालय परिसर में मृत छात्र का शव रखकर प्रदर्शन किए जाने के बाद बिना विस्तृत जांच के विद्यालय के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट न मिलने व मृत्यु का कारण निमोनिया से उत्पन्न चिकित्सीय जटिलता बताया गया है।
ओम दत्त त्रिपाठी ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले शिक्षकों को लापरवाह और संवेदनहीन मानते हुए की गई कार्रवाई से बेसिक शिक्षकों की छवि को नुकसान पहुंचा है। उनका कहना है कि यदि इस प्रकार की जल्दबाजी में कार्रवाई की परंपरा बनी रही तो भविष्य में भी निर्दोष शिक्षक ऐसे मामलों में अनावश्यक रूप से प्रभावित हो सकते हैं।
महासंघ के जिला सहसंयोजक अवनीश मिश्र ने भी शिक्षकों के निलंबन को समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि संगठन निष्पक्ष जांच का पक्षधर है और दोषी पाए जाने पर ही कार्रवाई होनी चाहिए।
महासंघ ने बताया कि इस प्रकरण को लेकर संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल 31 जुलाई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर शिक्षकों का निलंबन समाप्त करने व पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेगा।








