कौशाम्बी: धान के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में मंगलवार की सुबह धान के खेत में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।मृतक की पहचान एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के तियरा गांव निवासी रामनरेश पुत्र गोकुल प्रसाद के रूप में हुई है। खेत में शव मिलने की सूचना परिजनों को मिलते ही घर में कोहराम मच गया और परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना पिपरी थाना क्षेत्र के तियरा चौराहे के पास हौली पर की है जहा एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के तियरा गांव निवासी रामनरेश पुत्र गोकुल प्रसाद का शव सुबह ग्रामीणों ने देखा तो हड़कंप मच गया।घटना की सूचना पर एएसपी अमिता सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच-पड़ताल की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधेड़ मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।








