रिजवी कॉलेज की क्रिकेट खिलाड़ी प्रियंका निर्मल का यूपी अंडर-19 महिला क्रिकेट चयन शिविर के लिए चयन

कौशाम्बी:  रिजवी कॉलेज की क्रिकेट खिलाड़ी प्रियंका निर्मल का यूपी अंडर-19 महिला क्रिकेट चयन शिविर के लिए चयन,

यूपी के कौशाम्बी जिले के डॉ. रिज़वी स्प्रिंगफील्ड स्कूल करारी की प्रतिभाशाली छात्रा एवं रिज़वी क्रिकेट अकादमी की क्रिकेटर प्रियंका निर्मल ने क्रिकेट के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के चयन हेतु आयोजित होने वाले चयन शिविर में स्थान बनाया है। यह शिविर 17 अगस्त से कमला क्लब ग्राउंड, कानपुर में आयोजित किया जाएगा।

प्रियंका निर्मल ने बचपन से ही रिज़वी क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए क्रिकेट की बारीकियों, तकनीकी कौशल और खेल की रणनीतियों को सीखा। अकादमी के कोच एवं मेंटर शैलेन्द्र सिंह के निरंतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और मेहनत ने प्रियंका के खेल कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नियमित अभ्यास, अनुशासन और प्रदर्शन में निरंतर सुधार के साथ प्रियंका ने अपनी प्रतिभा को लगातार साबित किया।

इस उपलब्धि में डॉ. रिज़वी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के प्रबंधक एवं कौशाम्बी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राशिद रिज़वी का संरक्षण एवं प्रोत्साहन भी महत्वपूर्ण रहा है। खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्रिकेट को बढ़ावा देने के उनके निरंतर प्रयासों से रिज़वी क्रिकेट अकादमी में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा विकसित करने का मंच मिला है।

विभिन्न स्तरों पर प्रदर्शन एवं निर्धारित खेल मानकों और चयन प्रक्रिया के विभिन्न मानकों पर खरा उतरने के बाद प्रियंका का चयन उत्तर प्रदेश अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के चयन शिविर के लिए किया गया है। कौशाम्बी जिले से महिला क्रिकेट के क्षेत्र में इस स्तर तक पहुंचने वाली प्रियंका की उपलब्धि को एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

प्रियंका के चयन की सूचना मिलते ही डॉ. रिज़वी स्प्रिंगफील्ड स्कूल एवं रिज़वी क्रिकेट अकादमी में हर्ष और उत्साह का माहौल है। कॉलेज के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने प्रियंका को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रियंका की सफलता विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और यह उपलब्धि खेलों के प्रति विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं विश्वास पैदा करेगी।

वहीं, रिज़वी क्रिकेट अकादमी के कोच एवं मेंटर शैलेन्द्र सिंह ने प्रियंका की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उसके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सीखने की लगन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रियंका चयन शिविर में भी अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ कौशांबी का नाम रोशन करेगी।

प्रबंधक राशिद रिज़वी ने प्रियंका निर्मल को पुरस्कृत किया और बधाई देते हुए कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना रिज़वी एजुकेशनल ग्रुप की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने प्रियंका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को भी क्रिकेट और अन्य खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

प्रियंका निर्मल की इस उपलब्धि पर कॉलेज परिवार, रिज़वी क्रिकेट अकादमी, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे उत्तर प्रदेश अंडर-19 चयन शिविर के लिए शुभकामनाएं दीं और भारतीय क्रिकेट के उच्चतम स्तर तक पहुंचने की कामना की।

यह जानकारी कौशाम्बी क्रिकेट एसोसिएशन के समन्वयक और रिज़वी क्रिकेट अकादमी के कोच शैलेन्द्र सिंह ने दी।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor