कौशाम्बी: आग की त्रासदी से उजड़ा परिवार,मदद को आगे आए नगर पालिका अध्यक्ष बीरेंद्र सरोज “फौजी”,
यूपी के कौशाम्बी जनपद के मंझनपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पश्चिम शरीरा निवासी सतेंद्र लोधी के घर एवं साइकिल की दुकान में बीते दिनों अचानक भीषण आग लग जाने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया है। घर का जरूरी सामान, दुकान में रखा माल और रोजी-रोटी का सहारा पलभर में खाक हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष बीरेंद्र सरोज “फौजी” के नेतृत्व में अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय तिवारी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिवार को राशन, गृहस्थी का आवश्यक सामान एवं आर्थिक सहायता प्रदान कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
नगर पालिका अध्यक्ष बीरेंद्र सरोज “फौजी” ने कहा कि पीड़ित परिवार इस कठिन समय में अकेला नहीं है। समाज और प्रशासन हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर आगे भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी नगर पालिका अध्यक्ष एवं उनकी टीम द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और सहयोग की सराहना की। आग की इस घटना से क्षेत्र में दुख का माहौल है, वहीं जनप्रतिनिधियों की मदद से पीड़ित परिवार को कुछ राहत जरूर मिली है।








