कौशाम्बी: कौशाम्बी में भारतीय विद्यार्थी मोर्चा ने NEET परीक्षा लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर की शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सोमवार को भारतीय विद्यार्थी मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने NEET- 2026 परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण को लेकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर कार्यकर्ताओं ने तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।
भारतीय विद्यार्थी मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता जिला मुख्यालय के डायट मैदान में एकत्रित हुए और कलेक्ट्रेट परिसर तक मार्च किया। इस दौरान उन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाए और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को संबोधित 12 सूत्रीय मांग पत्र डीएम को सौंपा। इस ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक प्रकरण की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत पाठ्यक्रमों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने वाले विषयों को अनिवार्य रूप से शामिल करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, शिक्षा और रोजगार में सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक समुदायों का प्रतिनिधित्व उनके जनसंख्यात्मक अनुपात के अनुसार सुनिश्चित करने की मांग की गई।
अन्य मांगों में परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की अपमानजनक तलाशी या शारीरिक दुर्व्यवहार पर सख्त रोक लगाना शामिल है। मोर्चा ने कथित पेपर लीक और उससे उत्पन्न मानसिक दबाव के कारण जिन परीक्षार्थियों की मृत्यु हुई है, उनके परिवारों को ₹50 लाख का मुआवजा और एक सरकारी नौकरी प्रदान करने की भी मांग की।
दीर्घकालिक शिक्षा सुधार के रूप में ‘वन नेशन, वन एजुकेशन, वन सिलेबस, वन फीस’ जैसी समानतामूलक नीति की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की गई, ताकि शिक्षा में बढ़ती असमानताओं और निजीकरण पर नियंत्रण हो सके। इस प्रदर्शन में भारतीय विद्यार्थी मोर्चा के प्रदेश प्रचारक मुन्ना नायकर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।








