कौशाम्बी: बिजली पानी की समस्या से जूझ रहे किसानो की समस्यायों की अनदेखी कर रहा प्रशासन: प्रेमचंद्र केसरवानी
यूपी के कौशाम्बी जिले में समर्थ किसान पार्टी के तत्वावधान में बुधवार को जिले के कई गांवों जैसे उदहिन बुजुर्ग, मनौरी, पूरब पश्चिम शरीरा, घोसरा आदि में ग्राम मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में किसानो के मुद्दों पर पार्टी नेताओ और कार्यकर्ताओं ने चर्चा की। बैठक में सुखी नहरों में जलापूर्ति नही होने और विद्युत कटौती का मुद्दा जोरों से छाया रहा।
ग्राम घोसरा ब्लॉक सरसवा में किसानो के साथ बैठक करते हुए पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र केसरवानी ने कहा कि इस समय किसानो की कोई सुनने वाला नहीं है। जिला प्रशासन के अधिकारी किसानों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। कहा कि करारी माइनर नहर, रामगंगा नहर, टेवा बहादुरपुर माइनर, मानपुरगौरा माइनर समेत जिले की कई नहरो एवं रजबहों में जलापूर्ति नही हो रही है, जिससे किसानों को धान की बेहन रोपाई में भारी दिक्कत हो रही है। मजबूरन किसान निजी नलकूपों से सिंचाई करने को विवश है जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हो रही है।
इसी प्रकार गोराजू फीडर समेत जिले के कई फीडरो से लगातार विद्युत कटौती की जा रही है जिसके कारण निजी नलकूपों के संचालकों की मोटरों का संचालन ज्यादातर ठप्प रहता है। इससे किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि समर्थ किसान पार्टी लगातार किसानो की समस्यायों के निराकरण के लिए आवाज उठा रही है लेकिन जिले में किसानो की सुनने वाला कोई अधिकारी सामने नही आ रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही किसानो के हित में नहरों में जलापूर्ति और विद्युत कटौती में सुधार नहीं हुआ तो समर्थ किसान पार्टी जिला प्रशासन कौशांबी के खिलाफ सड़क पर उतरकर धरना प्रदर्शन करने को विवश होगी।
इस अवसर पर राम अभिलाष लोधी, दिलीप गौतम, विजय लोधी, परिहार लोधी आदि कई पार्टी कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।








