कौशाम्बी: पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला,इलाज के दौरान युवक की मौत,
यूपी के कौशाम्बी जिले में पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। 25 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला किया गया,जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई,जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है।
मामला मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नारा गांव का है जहा के 25 वर्षीय लालचन्द्र पर जानलेवा हमला किया गया है, परिजनों का आरोप है कि गांव के ही मनोज, धीरेंद्र और गुलाब ने पुरानी रंजिश के चलते लालचन्द्र की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल लालचन्द्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि करीब दो साल पहले मृतक के छोटे भाई द्वारा आरोपियों के परिवार की एक लड़की को भगा ले जाने की घटना हुई थी। तभी से आरोपी परिवार रंजिश मानता था और मौका मिलने पर वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।
फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








