ABVP ने किया सदस्यता अभियान का आगाज,हजारों विद्यार्थियों ने ग्रहण की परिषद की सदस्यता,राष्ट्रहित सर्वोपरि’ के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

कौशाम्बी: ABVP ने किया सदस्यता अभियान का आगाज,हजारों विद्यार्थियों ने ग्रहण की परिषद की सदस्यता,राष्ट्रहित सर्वोपरि’ के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प,

यूपी के कौशाम्बी जिले में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा वर्ष 2026-27 के सदस्यता अभियान का शुभारंभ बैजनाथ अंबिका प्रसाद मिश्र इंटर कॉलेज, टेन -शाह आलमाबाद से किया गया। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने विद्यार्थी परिषद की रीति-नीति को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संगठन की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान विद्यार्थियों ने भारत माता के जयघोष भी लगाए।

सदस्यता अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सुशील कुमार सोनकर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थापना 9 जुलाई 1949 को हुई थी और संगठन का मूल उद्देश्य राष्ट्रीय पुनर्निर्माण रहा है। विद्यार्थी परिषद महाविद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उनके शैक्षिक, सामाजिक एवं बौद्धिक विकास के लिए निरंतर कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश के नामकरण को लेकर भी विद्यार्थी परिषद ने महत्वपूर्ण आग्रह रखे थे। परिषद की ओर से देश का नाम ‘भारत’, राष्ट्रभाषा के रूप में हिंदी तथा राष्ट्रीय गीत के रूप में ‘वंदे मातरम्’ को स्वीकार किए जाने की मांग रखी गई थी।

जिला सदस्यता प्रमुख गौरव मिश्रा ने कहा कि आज सदस्यता अभियान का पहला दिन है और जिलेभर में विद्यार्थी उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेते हुए विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में परिषद से जुड़कर राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “आज का विद्यार्थी, आज का नागरिक है और छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है।”

इस अवसर पर नगर मंत्री अनिल साहू, तहसील प्रमुख राहुल मिश्रा, नगर सह मंत्री नीरज यादव, कॉलेज इकाई मंत्री उज्ज्वल पाण्डेय, सुधांशु सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor