कौशाम्बी: कौशाम्बी में 24 अति कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, एक बच्चे को पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा,
यूपी के कौशाम्बी जिले में राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अति गंभीर कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं फॉलोअप का अभियान चलाया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 24 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं फॉलोअप किया गया। चिकित्सकों ने बच्चों की जांच के बाद आवश्यक दवाएं और पोषण संबंधी परामर्श दिया। जांच के दौरान एक अति कुपोषित बच्चे को बेहतर उपचार एवं देखभाल के लिए पोषण पुनर्वास केंद्र रेफर किया गया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पोषण पुनर्वास केंद्र में 11 अति कुपोषित बच्चों का उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के अवसर पर एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण संबंधी परामर्श भी दिया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य बच्चों में कुपोषण की समय रहते पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार, पोषण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।








