कौशाम्बी: ओवरटेक को लेकर विवाद,पूर्व माफिया अतीक अहमद के गुर्गे उमर प्रधान समेत 6 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप, FIR दर्ज,
यूपी के कौशाम्बी जिले में ओवरटेक को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि गांव के प्रधान समेत 6 लोगों ने उसके घर में घुसकर उसे, उसकी पत्नी और भाई के साथ मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
मामला कोखराज थाना क्षेत्र के मतलूब हसन पुत्र माबूद हसन, निवासी रूपनारायणपुर सैलाबी, थाना कोखराज थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि 13.11.2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह चाकवन मस्जिद से नमाज पढ़कर अपने भाई की चार पहिया कार से अपने 11 वर्षीय पुत्र एहतेशाम के साथ गांव लौट रहा था। कार उसका चचेरा भाई सलमान चला रहा था।
तहरीर के अनुसार, जैसे ही वह राला के आगे कर्बला के पास पहुंचे, तभी सैलाबी की तरफ से इलाहाबाद के माफिया अतीक अहमद के गुर्गे प्रधान उमर अपने साथियों के साथ 2 कार से राला की तरफ आ रहा था। कार ओवरटेक करते समय उसकी गाड़ी लहराई, लेकिन उसकी गाड़ी में टच नहीं हुआ।वह आगे बढ़ गया।
आरोप है कि प्रधान उमर ने 100 मीटर राला की तरफ जाने के बाद गाड़ी को प्रार्थी की तरफ मोड़ा और उसका पीछा करने लगा।उसे मारपीट की आशंका हुई तो वह कार भगाकर घर के पास पहुंच गया।
पीड़ित का आरोप है कि तभी पीछे से दो चार पहिया वाहनों से उमर पुत्र लईक, ईसा पुत्र नईमुद्दीन, एहतेशाम पुत्र इसहाक, साजिब पुत्र आबिद, माबूद पुत्र साबिर, निवासीगण सैलाबी व अदनान पुत्र मोहम्मद निवासी सिहोरी उसके घर पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं।
आरोप है कि जब वह जान बचाकर घर के अंदर भागा तो सभी लोग घर में घुस आए और उसकी पत्नी जुलेखा व भाई (चचेरा) फैजान को भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर गांव के लोगों को इकट्ठा होते देख सभी लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भागने लगे। भागते समय उमर और ईसा दरवाजे से टकरा गए, जिससे उनको भी चोटें आईं।
पीड़ित ने इलाज कराने के बाद शनिवार को थाने में सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 6 लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








