कौशाम्बी में राम वन गमन मार्ग हाईवे पर सड़क पार कर रहे लोगो को बचाने में पलटा ईंट लेकर जा रहा ट्रैक्टर,मजदूर घायल

कौशाम्बी: कौशाम्बी में राम वन गमन मार्ग हाईवे पर सड़क पार कर रहे लोगो को बचाने में पलटा ईंट लेकर जा रहा ट्रैक्टर,मजदूर घायल,

यूपी के कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के नियामतपुर में राम वन गमन मार्ग हाईवे पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पार कर रही एक महिला और दो बच्चों को बचाने के प्रयास में ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइड से टकराकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया, जबकि ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ईंट लेकर जा रहा ट्रैक्टर नियामतपुर के पास हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रही महिला और दो बच्चों को देखकर चालक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसी कोशिश में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली पलटते ही सड़क पर ईंटें बिखर गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से पलटे ट्रैक्टर-ट्रॉली और सड़क पर बिखरी ईंटों को हटवाकर रास्ता साफ कराया। गनीमत रही कि महिला और दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए तथा ट्रैक्टर चालक को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे में घायल मजदूर को इलाज के लिए भेजा गया।

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor