डीएम ने की जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की बैठक,दिए आवश्यक निर्देश 

कौशाम्बी: डीएम ने की जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की बैठक,दिए आवश्यक निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की बैठक की।

डीएम ने जिला पंचायतराज अधिकारी से कहा कि संबंधित एसडीएम से समन्वय कर ग्राम पंचायतों में स्ट्रीट लाईट, पी0ए0 सिस्टम एवं सी.सी.टी.वी. कैमरा लगाए जाने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने व्यक्तिगत शौचालयों की रेट्रोफिटिंग के लिए किए जा रहें सर्वे की समीक्षा के दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी से कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष अवशेष 1048 शौचालयों की रेट्रोफिटिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करा लिया जाय।

डीएम ने आर.आर.सी. संचालन की समीक्षा के दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी एवं सभी खण्ड विकास अधिकारियों को और प्रभावी तरीके से संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक शौचालय के संचालन एवं केयर टेकरों के भुगतान की स्थिति की समीक्षा के दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी से कहा कि केयरटेकरों का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाय।

उन्होंने “मेरा तालाब, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के अन्तर्गत 100 तालाबों को प्लास्टिक मुक्त एवं प्रबन्धित ग्रे-वाटर के साथ माॅडल तालाब के रूप में विकसित किए जाने के लिए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए जिला पंचायतराज अधिकारी से कहा कि चयनित तालाबों को माॅडल तालाब के रूप में विकसित किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्राम पुरखास में निर्मित प्लास्टिक यूनिट में अब तक 64.27 कुन्तल एवं ग्राम टेंवा में निर्मित प्लास्टिक यूनिट में 78 कुन्तल प्लास्टिक एकत्र किया जा चुका है, जिसमें प्लास्टिक का धुलाई व छटाई का कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग से समन्वय कर विक्रय की कार्यवाही प्रचलित है। वर्तमान में अन्य वेण्डरों से प्लास्टिक का बिक्रय करते हुए ओ.एस.आर. जनरेट किया जा रहा है।

बैठक में सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor