कौशाम्बी: डीएम ने ग्राम चौपाल लगाकर सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं, बीएसए को विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने “गॉव की समस्या, गॉव में समाधान“ के अन्तर्गत विकास खण्ड कौशाम्बी की ग्राम-रसूलपुर बड़गॉव में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित कर दिया जाय। उनके द्वारा नजदीकी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने पर बताया गया कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
डीएम ने ग्राम में गठित स्वयं सहायता समूह एवं लखपति दीदियों की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत लाभान्वित किया जाय, ताकि वे अपने उद्यम को और बढ़ा सकें। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार प्रदान किया व बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया।
ग्राम चौपाल में ग्रामवासियो ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक बच्चो को पढ़ाने में रूचि नहीं लेते हैं, जिस पर डीएम ने नाराजगी प्रकट करते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से कहा कि 15 दिन के अन्दर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित कराया जाय तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार न पाए जाने पर प्रधानाध्यापक एवं अध्यापकों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। इसके साथ ही उन्होंने जिला विकास अधिकारी को 15 दिन बाद विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता के सम्बन्ध में आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्राम चौपाल में ग्रामवासियों ने बताया कि ग्राम के मार्ग ठीक नहीं हैं, जिससे आवागमन में परेशानी होती है, जिस पर डीएम ने खण्ड विकास अधिकारी को ग्राम के सभी मार्गों को ठीक कराने के निर्देश दिए। ग्रामवासियों ने बताया कि सायं के समय विद्युत नहीं रहती है, जिस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्धारित समयावधि तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 65 परिवारों एवं 05 निराश्रित महिलाओं को चिन्हित किया गया है, सभी पात्र लोगों को शीघ्र आवास योजना से लाभान्वित किया जाएगा। ग्राम चौपाल में सीएमओ डॉ0 संजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर एसडीएम आकाश सिंह एवं जिला विकास अधिकारी शैलेन व्यास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।








