प्रयागराज: विश्व शांति और ‘ऊर्जा संरक्षण’ संकल्प की सिद्धि के लिए प्रयागराज में कल से सुंदरकांड के होंगे पाठ: स्वाती निरखी,
वर्तमान वैश्विक संकटों के शमन, विश्व शांति और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संगम नगरी प्रयागराज में एक अनूठे आध्यात्मिक अनुष्ठान का आयोजन होने जा रहा है।
‘कनकधारा’ सामाजिक साहित्यिक सांस्कृतिक संस्था द्वारा कल 16 मई 2026 (शनिवार) से सिविल लाइंस स्थित प्रसिद्ध श्री हनुमत निकेतन मंदिर में 5 शनिवारीय सुंदरकांड पाठ का भव्य संकल्प शुरू हो रहा है। यह जानकारी देते हुए ‘कनकधारा’ संस्था की अध्यक्ष, सुप्रसिद्ध गायिका स्वाती निरखी ने बताया कि जेठ माह की पावन शनि अमावस्या एवं शनि जयंती के महाशक्तिशाली दुर्लभ संयोग पर इस दिव्य अनुष्ठान का प्रथम सोपान आयोजित किया जा रहा है।
वैश्विक संकट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता को समर्पित इस अनुष्ठान में संस्था की अध्यक्ष स्वाती निरखी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि आज संपूर्ण विश्व ऊर्जा, ईंधन और आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। ऐसे संवेदनशील समय में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील—’तेल बचाओ, ईंधन बचाओ और ऊर्जा का संरक्षण करो’—केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाले भयानक वैश्विक संकटों को टालने का अचूक महामंत्र है। ‘कनकधारा’ संस्था सुंदरकांड पाठ के माध्यम से संकटमोचन हनुमान जी के चरणों में प्रार्थना करेगी कि प्रधानमंत्री जी के इस लोक-कल्याणकारी विजन को आत्मिक बल मिले और समाज में पर्यावरण व संसाधनों के संरक्षण के प्रति गहरी चेतना जागृत हो।
शनिवार शाम 6 बजे से प्रारंभ होने वाले इस अनुष्ठान में विख्यात पाठ वाचक आचार्य पं. श्री हरे राम द्विवेदी जी सस्वर सुंदरकांड का पाठ करेंगे। इस पावन अवसर पर शहर के वरिष्ठ राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, सनातनी बंधु और मातृशक्ति मुख्य रूप से उपस्थित रहकर राष्ट्र-कल्याण के इस संकल्प में आहुति देंगे। स्वाती निरखी ने प्रयागराज के समस्त प्रबुद्ध नागरिकों और राष्ट्रभक्तों से सपरिवार इस आध्यात्मिक चेतना का हिस्सा बनने और हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
कार्यक्रम का विवरण:
आयोजक: ‘कनकधारा’ सामाजिक साहित्यिक सांस्कृतिक संस्था
दिनांक व दिन: 16 मई 2026, शनिवार (कल)
समय: सायं 6.00 बजे से प्रभु इच्छा तक
स्थान: श्री हनुमत निकेतन, सिविल लाइंस, प्रयागराज
मुख्य आकर्षण: वैश्विक शांति एवं ईंधन-ऊर्जा संरक्षण के निमित्त विशेष संकल्प








