कौशाम्बी: गोंडा के बर्तन कारोबारी की हत्या के बाद चरवा में कांग्रेसियों ने की शोक सभा,कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- अपराध रोकने में भाजपा सरकार विफल,
यूपी के कौशाम्बी जिले के कांग्रेसियों में गोंडा जनपद में बर्तन कारोबारी विनोद साहनी की हत्या से आक्रोश है। घटना को लेकर शनिवार को नगर पंचायत चरवा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शोक सभा आयोजित कर दिवंगत कारोबारी को श्रद्धांजलि दी और घटना की निंदा की।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
कौशाम्बी कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने कहा कि भयमुक्त और सुरक्षित उत्तर प्रदेश का दावा करने वाली भाजपा सरकार में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। आए दिन हत्या और अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि गोंडा में कारोबारी विनोद साहनी की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलकर उनका दुख साझा करने और ढांढस बंधाने जा रहे थे, लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अजय राय की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उनके न्याय की आवाज उठाती रहेगी।
कौशाम्बी कांग्रेस प्रभारी राजेश साहनी ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय पीड़ितों के आंसू पोंछने और उनके हक में आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को रोकने में अपनी ताकत लगा रही है। उन्होंने विनोद साहनी के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की।
शोक सभा में सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सचिन पाण्डेय, नगर अध्यक्ष चरवा निक्की पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष चरवा गुलजारी लाल केसरवानी, सचिन केसरवानी, नीरज पाण्डेय, विकास पासी, हर्ष पाण्डेय, नेहाल अहमद, राकेश पाल, दीपक कुशवाहा, मझिलका कुशवाहा, दीपक शर्मा, जीतू मिश्रा, अनिल केसरवानी, विकास कुमार समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








