भरवारी में सर्राफा कारोबारियों का एक करोड़ का सोना लेकर बंगाल का कारीगर फरार,दर्जनों सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस से की शिकायत

कौशाम्बी: भरवारी में सर्राफा कारोबारियों का एक करोड़ का सोना लेकर बंगाल का कारीगर फरार,दर्जनों सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस से की शिकायत,

यूपी के कौशाम्बी जिले के भरवारी कस्बे में जेवरात तैयार कराने के लिए कारीगर को दिया गया लगभग एक करोड़ रुपये कीमत का सोना लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भरवारी और आसपास के दर्जनों सर्राफा कारोबारियों ने जेवर तैयार कराने के लिए पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर को सोना दिया था। कारीगर और उसके कुछ रिश्तेदारों के कथित तौर पर सोना लेकर फरार होने की जानकारी मिलने के बाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

शनिवार को स्वर्णकार संगठन के अध्यक्ष संजय (राजाबाबू) सोनी की अध्यक्षता में दर्जनों सर्राफा कारोबारी भरवारी पुलिस चौकी पहुंचे और लिखित शिकायत देकर मामले की जांच, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा सोना बरामद कराने की मांग की।

शिकायत के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के टोलपुर थाना क्षेत्र निवासी सैफ पुत्र रहीम काफी समय से भरवारी पुलिस चौकी के पीछे मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहा था। वह सोने के जेवर बनाने का काम करता था। कारोबारियों का कहना है कि वे अपनी डिजाइन के अनुसार जेवर तैयार कराने के लिए उसे सोना देते थे और कारीगर को मजदूरी का भुगतान किया जाता था।

आरोप है कि इसी तरह भरवारी समेत आसपास के दर्जनभर से अधिक सर्राफा कारोबारियों ने लगभग एक करोड़ रुपये कीमत का सोना जेवर तैयार कराने के लिए कारीगर को दिया था। इसी बीच कारोबारियों को जानकारी मिली कि कारीगर के साले मोइन अली, मलिक और निजाम सोना लेकर फरार हो गए हैं। जानकारी मिलने के बाद व्यापारियों ने पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

शिकायत करने वालों में संजय (राजाबाबू) सोनी, कमलेश कुमार, ओम प्रकाश, विकास सोनी, दुर्गेश कुमार, रजत केसरवानी, तुषार कुमार और राजू वर्मा समेत दर्जनों सर्राफा कारोबारी शामिल हैं। व्यापारियों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और उनका सोना बरामद कराने की मांग की है।

वहीं इस मामले में थाना प्रभारी कोखराज संतोष शर्मा ने बताया कि भरवारी के सर्राफा कारोबारियों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। फरार बताए जा रहे कारीगर के परिजनों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor