उत्तर प्रदेश: झांसी जेल में बंद बड़े भाई से मिलने जा रहे माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान सहित दो की सड़क हादसे में मौत,तीन की हालत गंभीर,
यूपी के प्रयागराज जिले के माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ा एक और बड़ा घटनाक्रम गुरुवार को झांसी में सामने आया है। जहां झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने जा रहे अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके दोस्त सोनू की भी जान चली गई, जबकि कार सवार 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।
इसकी पुष्टि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने करते हुए बताया कि पूंछ क्षेत्र के ग्राम खिल्ली में हुए सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे की भी मौत हुई है। साथ में उसके एक दोस्त सोनू की भी जान चली गई। तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रयागराज से झांसी आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू कर सभी कार सवारों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंछ भेजा गया। यहां दो घायलों को मृत घोषित कर दिया गया। एक घायल ने जो बताया उससे पुलिस के होश उड़ गए। उसने बताया कि मृतकों में एक अबान है, जो माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा है।








