कौशाम्बी: चकमार्ग पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्षों में तनातनी,ट्रैक्टर से जोतकर चकमार्ग को खेत में मिलाने का आरोप,
यूपी के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर तहसील क्षेत्र के पट्टी अब्दुल रऊफ गांव में चकमार्ग पर अवैध कब्जे को लेकर तनातनी की स्थिति बनी हुई है। आलम यह है कि किसी भी वक्त खूनी संघर्ष हो सकता है। आरोप है कि विपक्षियों में ट्रैक्टर से जोतवाकर चकमार्ग को खेत में मिला लिया है, एसडीएम ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की बात कही है।
पट्टी अब्दुल रऊफ निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह आदि ने बताया कि उनके घर के सामने चकमार्ग है। इसमें गांव के ही दबंग कब्जा किए हुए हैं। इसके कारण आने-जाने का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। मामले की शिकायत पिछले दिनों डीएम, एसडीएम समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से की गई थी। अफसरों के आदेश पर राजस्व टीम ने आरोपों की जांच की थी। 12 मई को चकमार्ग को पैमाइश कराकर कब्जा मुक्त करा दिया गया था।
आरोप है कि 10 जून को आरोपियों ने फिर से चकमार्ग पर कब्जा कर लिया। उन्होंने ट्रैक्टर से जोतवाकर चकमार्ग को खेत में मिला लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। गांव वालों का कहना है कि प्रशासन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया तो किसी दिन बड़ी घटना घटित हो सकती है।
इस संबंध में एसडीएम आकाश सिंह का कहना है कि प्रकरण की गहनता से जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। किसी को भी सरकारी जमीनों पर कब्जा करने का अधिकार नहीं है।








