भरवारी में लगातार कई बड़ी चोरियां, एक का भी नहीं हुआ खुलासा,पुलिस की कार्यशैली पर लगा सवालिया निशान

कौशाम्बी: भरवारी में लगातार कई बड़ी चोरियां, एक का भी नहीं हुआ खुलासा,पुलिस की कार्यशैली पर लगा सवालिया निशान,

यूपी के कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। चोरों ने विशुई रोड स्थित शिशु मंदिर कॉलोनी में सेवानिवृत शिक्षक स्व. राम मोहन त्रिपाठी के बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को उनकी पत्नी और बेटा रिश्तेदारी से वापस घर लौटे और ताला खोला तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने पड़ोसी के घर की छत के सहारे चढ़कर छत तोड़ी और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद इत्मीनान से अलमारियों के ताले तोड़कर सोने की अंगूठी, गले और कान के जेवरात सहित नगदी चोरी कर ली। नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है।

कस्बे में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है।इससे पहले ठीक 500 मीटर की दूरी पर रिटायर्ड दारोगा जगजीवन पहलवान और श्रवण केशरवानी के घरों में भी चोरी हो चुकी है। वही कुछ माह पहले गुलाब बिहार कॉलोनी निवासी शिक्षक दंपत्ति के घर लगभग 20 लाख रुपये की चोरी हुई थी। वहीं कुछ दिन पूर्व मेहता रोड निवासी राजेश केशरवानी के घर से भी 15 से 20 लाख रुपये का माल चोरी हुआ था।

लगातार हो रही इन वारदातों के बावजूद पुलिस एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े और रात में हो रही चोरियों से भरवारी में दहशत का माहौल है। बंद मकानों को निशाना बनाया जा रहा है।

इस संबंध में कोखराज थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor