कौशाम्बी: वैष्णो किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी मुस्कान ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर लगाई सुरक्षा की गुहार,
यूपी के कौशाम्बी जिले में वैष्णो किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी मुस्कान ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। गुरुवार को वह कलेक्ट्रेट पहुंचीं और डीएम को ज्ञापन सौंपकर गंभीर आरोप लगाए।
साध्वी मुस्कान ने आरोप लगाया कि प्रयागराज किन्नर अखाड़े की कथित महामंडलेश्वर कल्याणी और उनके सहयोगियों द्वारा लगातार उनके समर्थकों को फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है। इसके साथ ही मारपीट, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
महामंडलेश्वर साध्वी मुस्कान ने 10 बिंदुओं पर आधारित विस्तृत ज्ञापन डीएम को सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अपने और अपने सहयोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की। वहीं, डीएम ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। मामले को लेकर किन्नर समाज में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।








