कौशाम्बी: राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने 50 शैयायुक्त एकीकृत आयुष चिकित्सालय सिराथू का किया निरीक्षण,
यूपी के कौशाम्बी पहुंचे उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष विभाग डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु” ने शुक्रवार को 50 शैयायुक्त एकीकृत आयुष चिकित्सालय सिराथू का निरीक्षण किया।
राज्यमंत्री ने रजिस्ट्रेशन काउंटर के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों की संख्या की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मेडिसिन कक्ष का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। लैब कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों की, की जा रही विभिन्न जांचों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
राज्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से वार्ता कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हर्षुल गौतम को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि आयुष के प्रति व्यापक जन-जागरूकता किया जाए।
राज्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में स्थापित हर्बल गार्डन का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि अस्पताल भवन की रंगाई-पुताई के लिए शासन को पत्र प्रेषित कर आवश्यक धनराशि की मांग कर लिया जाए।








