कौशाम्बी: नगर पालिका कर्मचारियों ने बच्चों को सिखाया कचरा प्रबंधन का तरीका,प्राथमिक विद्यालय बबुरा में आयोजित हुआ स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम,
यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद मंझनपुर की ओर से प्राथमिक विद्यालय बबुरा में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही घर और आसपास निकलने वाले कचरे के उचित निस्तारण की जानकारी देना रहा।
अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में ट्रेनिंग पार्टनर त्रिलोक सिंह शिक्षा सेवा समिति के सहयोग से बच्चों को कूड़ेदानों के सही इस्तेमाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि अलग-अलग प्रकार के कचरे को निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान नीले, हरे, लाल और काले रंग के कूड़ेदानों में किस प्रकार का कचरा डाला जाता है, इसकी जानकारी उदाहरणों के साथ दी गई। बच्चों से स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं ट्रेनर बालेन्द्र सिंह, पंकज अग्रहरि, अरमान शेख और सिप्तेन शेख समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।








