रिजवी कॉलेज में आयोजित NCC शिविर के छठे दिन दिखा कैडेट्स का जोश,गोलीबारी से संविधान तक का हुआ प्रशिक्षण

कौशाम्बी: रिजवी कॉलेज में आयोजित NCC शिविर के छठे दिन दिखा कैडेट्स का जोश,गोलीबारी से संविधान तक का हुआ प्रशिक्षण,

यूपी के कौशाम्बी जिले के डॉ. ए. एच. रिजवी डिग्री कॉलेज करारी में 17 यूपी बीएन एनसीसी के तत्वावधान में चल रहे दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के छठे दिन लगभग 600 कैडेट्स ने विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का संचालन लेफ्टिनेंट कर्नल अरविन्द सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसमें 14 जनपदों के कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं।

छठे दिन कैडेट्स को गोलीबारी प्रशिक्षण, अग्निशमन, ध्वज क्षेत्र, मुख्य कक्षाओं तथा परेड का प्रशिक्षण दिया गया। गोलीबारी अभ्यास के दौरान सुरक्षा नियमों, सावधानियों और निर्धारित आदेशों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। वहीं अग्निशमन प्रशिक्षण में आग से बचाव, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।

ध्वज क्षेत्र की गतिविधि में कैडेट्स ने समूहों में भारत का मानचित्र तैयार कर अपनी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक भावना का प्रदर्शन किया। मुख्य कक्षा में डॉ. रिजवी कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य डॉ. मुहम्मद जफर ने “भारतीय संविधान (1950) का परिचय एवं संवैधानिक मूल्य” विषय पर कैडेट्स को संबोधित किया। उन्होंने संविधान की मूल भावना, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।

परेड के दौरान कैडेट्स ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासन, एकाग्रता और आदेश पालन का अभ्यास किया। वहीं गीत, संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में भी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

डॉ. ए. एच. रिजवी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश सक्सेना ने शिविर की गतिविधियों का जायजा लेते हुए कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। लेफ्टिनेंट कर्नल अरविन्द सिंह के मार्गदर्शन में एनसीसी अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने कैडेट्स को विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शिविर में सैन्य प्रशिक्षण के साथ कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, नागरिक चेतना, सामूहिक भावना और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor