कौशाम्बी: सीडीओ ने की जिला उद्योग बन्धु समिति एवं जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक,बैंकों में ऋण लंबित होने पर जताई नाराजगी,
यूपी के कौशाम्बी सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी की अध्यक्षता में उदयन सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति, जिला श्रम बन्धु समिति एवं जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक संपन्न हुई। सीडीओ ने उद्यमियों/व्यापारियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार ने बताया कि विगत माह निवेश मित्र पोर्टल पर कुल 543 प्रकरण प्राप्त हुए, जिसमें 480 प्रकरण निस्तारित हो चुके हैं एवं 36 प्रकरण विभिन्न विभागों के स्तर पर लंबित हैं, जिस पर सीडीओ ने सम्बन्धित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सी.एम. युवा योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों की बैंकवार समीक्षा के दौरान ऋण आवेदन को बैंकों में लंबित पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सभी बैंकर्स को लंबित ऋण आवेदनों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एम.ओ.यू. दाखिल निवेशकों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारी को शीघ्र समस्या निस्तारित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में प्लेज पार्क के अन्तर्गत नगर पालिका परिषद भरवारी व मंझनपुर के मध्य पड़ने वाली मार्ग, जो नियामतपुर से होते हुए सिराथू मंझनपुर मार्ग को जोड़ती है, के चैड़ीकरण के सम्बन्ध में अधिशासी अभियंता लो0नि0वि0 ने बताया कि कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया गया है। धन आवंटन प्राप्त होते हुए कार्य प्रारम्भ करा दिया जाएगा।
सीडीओ ने जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक के दौरान प्रभारी बस डिपो से कहा कि भरवारी बस स्टाॅप से बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बताया गया कि सराय अकिल में स्थित मुक्तिधाम में पेयजल के लिए समर्सिबल सेट लगा दिया गया है। अधिशासी अभियंता लो0नि0वि0 ने बताया कि प्रभाषगिरि प्रवेश द्वार बनए जाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है तथा नगर पंचायत सिराथू रेल उपरगामी सेतु के चढ़ने एवं उतरने से 100 मी0 पहले सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित आवश्यक कार्यवाही की जा रहीं है। उन्होंने बताया कि कुम्हियावां बाजार के मुख्य मार्ग की सड़क को दुरूस्त कराए जाने के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है।
बैठक में सम्बन्धित अधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहें।








