कौशाम्बी: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन पर BJP का पलटवार, जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य बोले – राहुल गांधी पहले अपनी सरकार के काम देखें,
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर कौशाम्बी भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है।
सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह प्रदर्शन लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा के खिलाफ है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है। उसके खिलाफ सड़क पर विरोध प्रदर्शन करना लोकतंत्र का अपमान है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपनी सरकारों के कार्यकाल को देखना चाहिए। जब उनकी सरकार में चुनाव आयुक्त विधायक और सांसद बन जाते थे,फिर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के जज बन जाते थे और फिर वापस चुनाव आयुक्त बन जाते थे, उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपने संवैधानिक दायित्वों का पूरी निष्पक्षता से पालन कर रहा है।
धर्मराज मौर्य ने कहा कि यदि किसी भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर किसी को आपत्ति है, तो उसे उचित संवैधानिक और कानूनी माध्यम से उठाना चाहिए, न कि सड़कों पर हंगामा करके।उन्होंने विपक्ष के आंदोलन को राजनीतिक स्टंट करार दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा की जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर,नगर पालिका परिषद मंझनपुर अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज फौजी,सिराथू नगर पंचायत अध्यक्ष बोला यादव,अजुहा नगर पंचायत अध्यक्ष शांति कुशवाहा मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अशोक केसरवानी, कौशाम्बी








