प्रयागराज: एन्टी करप्शन टीम ने खागा तहसील में मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी के नाम पर एक लाख की रिश्वत मांगने वाले लिपिक को रंगे हाथ किया अरेस्ट,
यूपी के प्रयागराज मंडल की एन्टी करप्शन टीम ने फतेहपुर जनपद की खागा तहसील में उप निबंधक कार्यालय में तैनात कनिष्ठ लिपिक को बैनामा में झूठे तथ्य दिखाकर मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी से बचाने के नाम पर एक लाख की रिश्वत मांगने वाले कनिष्ठ लिपिक को रंगे हाथ अरेस्ट किया है।
शिकायतकर्ता भीम सिंह पुत्र स्व० वैजनाथ सिंह नि0 संग्रामपुर सानी थाना खागा जनपद फतेहपुर से अराजपत्रित कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध उपनिबंधक कार्यालय खागा, फतेहपुर द्वारा शिकायतकर्ता से 17.06.26 को कराये गये बैनामा में आरोपी द्वारा झूठे तथ्य दिखाकर मुकदमा लिखाने की धमकी देकर मुकदमे से बचाने के एवज में रू0 1,00,000/- मांगे जाने का आरोप लगाया गया था। जिसके क्रम में शिकायतकर्ता भीम सिंह उपरोक्त के द्वारा 08.08.2026 को एंटी करप्शन की इकाई थाना कार्यालय प्रयागराज में दिये गये शिकायती प्रार्थना पत्र पर कार्यवाही करते हुए 11.08.2026 को भ्रष्टाचार निवारण संगठन, थाना/इकाई प्रयागराज की 13 सदस्यीय टीम द्वारा घटनास्थल कार्यालय उप निबंधक तहसील खागा जनपद फतेहपुर समय 13.57 बजे लोकसेवक साक्षीगण व ट्रैप टीम के समक्ष रिश्वत की धनराशि की रू0 1,00,000/- रिश्वत लेते हुए आरोपी राहुल कुमार बौद्ध पुत्र स्व० रामलखन बौद्ध नि0 ग्राम पूरेघनी पोस्ट रेडबीर थाना कोतवाली देहात जनपद प्रतापगढ़ सम्प्रति कनिष्ठ सहायक कार्यालय उपनिबंधक विभाग स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग तहसील खागा जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार किया तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए थाना खागा जनपद फतेहपुर पर अभियोग पंजीकृत कराया है।
अधिकारियों ने अपील की है कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने हेतु यदि कोई अराजपत्रित सरकारी अधिकारी/कर्मचारी रिश्वत की माँग करता है तो तत्काल भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज मण्डल प्रयागराज के मो0न0 9454402490 या भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुख्यालय लखनऊ कट्रोल रूम के मो0नं0 9454402484 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज कराये। जिससे प्राप्त शिकायत पर तत्काल कार्यवाही की जा सकें।








