कौशाम्बी: विधवा महिला से रकम दोगुना करने की स्कीम बताकर एक लाख की ठगी का आरोप,पीड़िता की शिकायत एवं एसपी के आदेश पर चार पर FIR दर्ज,
यूपी के कौशाम्बी जिले में 18 प्रतिशत वार्षिक लाभ और पांच साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर विधवा महिला से एक लाख रुपये निवेश कराने के बाद लाभांश नहीं देने का मामला सामने आया है।वही रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता रूपाली जायसवाल ने एसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर कोखराज पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोखराज थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव निवासी विधवा रूपाली जायसवाल ने तहरीर में बताया कि 14 मार्च 2024 को रिश्तेदार विकास कुमार जायसवाल अपने परिजनों के साथ उनके घर आए थे। आरोप है कि विकास ने एक निजी कंपनी में रुपये निवेश कराने की बात कहते हुए 18 प्रतिशत वार्षिक लाभ का भरोसा दिया। हर महीने 1500 रुपये लाभांश देने और पांच वर्ष में एक लाख रुपये को दो लाख करने का भी दावा किया गया। विश्वास में लेकर महिला से एक लाख रुपये का चेक ले लिया गया।
शिकायत के मुताबिक, मार्च 2026 तक कभी नकद तो कभी बैंक खाते के माध्यम से लाभांश दिया गया, लेकिन इसके बाद भुगतान बंद कर दिया गया। रकम वापस मांगने पर आरोपितों ने कथित तौर पर रुपये लौटाने से इन्कार किया और धमकी दी। आरोप है कि फोन पर बातचीत भी बंद कर दी गई।
पीड़िता ने एसपी से कार्रवाई की मांग की।एसपी के आदेश के बाद कोखराज पुलिस ने विकास कुमार जायसवाल, उमाशंकर जायसवाल, रानी जायसवाल और निधि जायसवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।








