कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज में ईसीजी के दौरान महिला मरीज की रिंग चोरी,मरीज के परिजनों पर नर्सिंग स्टाफ के साथ गाली-गलौज,मारपीट का आरोप, नर्सिंग स्टाफ ने किया हंगामा,
यूपी के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर मेडिकल कॉलेज में अंगूठी चोरी का आरोप लगाकर आउटसोर्सिंग स्टाफ नर्स के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। स्टाफ नर्स ने महिला मरीज और उसके पति समेत अन्य पर अभद्रता, धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मंझनपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के कादीपुर निवासी स्टाफ नर्स कीर्ति कुशवाहा पत्नी सुभाष चंद्र ने तहरीर में बताया कि बुधवार की दोपहर में वह ड्यूटी समाप्त कर निकल रही थीं। इसी दौरान एक महिला मरीज ईसीजी कराने पहुंची। डॉक्टर के कहने पर उन्होंने महिला का ईसीजी किया और रिपोर्ट डॉक्टर को देने के बाद वहां से चली गईं।
नर्स के मुताबिक करीब 2:50 बजे उनके साथ की स्टाफ ने फोन कर बताया कि जिस महिला का ईसीजी किया था, वह अपनी दो अंगूठियां चोरी होने का आरोप उन पर लगा रही है। इसके बाद वह घर से सीएमएस कार्यालय पहुंचीं। आरोप है कि वहां महिला मरीज और उसके पति ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और चोरी का आरोप लगाया।
तहरीर के अनुसार सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के बाद भी अंगूठी चोरी को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बावजूद महिला द्वारा बिना अनुमति उनकी फोटो खींचने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। वहीं, नर्स ने महिला, उसके पति और देवर पर शाम करीब सात बजे उनके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज परिसर में भी चर्चा रही। तहरीर के आधार पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








