कौशाम्बी: गणपति विसर्जन के लिए मूरतगंज पक्का तालाब में सीवर टैंकर से पानी भराने का आरोप,लोगों में आक्रोश,
यूपी के कौशाम्बी जिले के मूरतगंज स्थित पक्का तालाब में गणपति विसर्जन की तैयारियों के दौरान नगर पालिका परिषद भरवारी के कर्मचारियों द्वारा सीवर टैंकर से पानी भराए जाने को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने टैंकर के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गणपति विसर्जन के लिए तालाब में पानी भरने के लिए नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा सीवर टैंकर का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसकी जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने इस पर आपत्ति जताई।
मामले की सूचना मिलने पर नगर पालिका परिषद भरवारी के अधिशासी अधिकारी राम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया।
गणपति विसर्जन को लेकर प्रशासन और नगर पालिका की तैयारियों के बीच सीवर टैंकर के इस्तेमाल का मामला सामने आने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई और स्वच्छ पानी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।








