कौशाम्बी: डीएम ने निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण,बच्चों को गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर प्रशिक्षण के साथ ही ए.आई. का प्रशिक्षण देने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने शुक्रवार को पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित “ओ लेवल/सी.सी.सी. निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना” के अंतर्गत ओम शिव कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, पाल चौराहा, मंझनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण केंद्र के शिक्षक अजित यादव से संचालित बैचों की संख्या एवं प्रत्येक बैच में नामांकित प्रशिक्षणार्थियों की संख्या आदि जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि प्रशिक्षणार्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार विधिवत एवं गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। इसके साथ ही वर्तमान समय की आवश्यकता को देखते हुए बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाए।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक बैच में नामांकित शत-प्रतिशत प्रशिक्षणार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि योजना का उद्देश्य पूर्ण रूप से सफल हो सके। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में उपस्थित बच्चों से संवाद कर, उन्हें दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी भी प्राप्त की तथा कंप्यूटर प्रशिक्षण से संबंधित उनकी समझ और अनुभव के बारे में जानकारी ली।शिक्षक ने बताया कि कुल 03 बैच संचालित है। कुल 92 बच्चे नामांकित है।








