दिल्ली से घर लौट रहे युवक का रेलवे लाइन किनारे मिला सिर कटा शव, हत्या की आशंका

कौशाम्बी: दिल्ली से घर लौट रहे युवक का रेलवे लाइन किनारे मिला सिर कटा शव, हत्या की आशंका,

यूपी के कौशाम्बी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मनोहरगंज असरापुर के पास रेलवे लाइन किनारे शुक्रवार को एक युवक का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चायल क्षेत्र के पखासराई गांव निवासी रामू पाल पुत्र विपिन चंद्र पाल के रूप में हुई है। वह दिल्ली में एक कंपनी की गाड़ी चलाता था और छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहा था।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार को रामू कंपनी के मालिक की गाड़ी छोड़ने के बाद घर के लिए निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार देर रात मूरतगंज पुलिस चौकी से परिजनों को रेलवे लाइन किनारे शव मिलने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और मिले दस्तावेजों के आधार पर शव की पहचान रामू के रूप में की।

परिजनों का आरोप है कि रामू का मोबाइल फोन और बैग मौके से गायब है, जबकि कुछ दस्तावेज उसके पास मिले हैं। बताया गया कि बुधवार को ही रामू ने फोन पर अपनी मां से बात की थी और 12 हजार रुपये मंगाए थे। मोबाइल और बैग गायब होने समेत अन्य परिस्थितियों को लेकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

मृतक के चचेरे भाई ज्ञानेंद्र पाल ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor